मेरठ। सिटी स्टेशन पर बृहस्पतिवार को हुई रेलवे मजिस्ट्रेटी चेकिंग में 839 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। 832 लोगों ने जुर्माना अदा कर दिया। जुर्माना नहीं भरने वाले सात लोगों को आरपीएफ ने जेल भेज दिया। चेकिंग के चलते स्टेशन पर सुबह से लेकर शाम तक अफरातफरी मची रही।
पैसेंजर से लेकर एक्सप्रेस ट्रेनों तक में काफी लोग बिना टिकट सफर करते हैं। इससे रेलवे को राजस्व की भारी चपत लगती है। बृहस्पतिवार को रेलवे मजिस्ट्रेट गाजियाबाद की उपस्थिति में आरपीएफ व रेलवे अधिकारियों की टीम ने सुबह छह बजे से लेकर शाम करीब तीन बजे स्टेशन से गुुजरने वाली ट्रेनों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न ट्रेनों से 839 लोगों को बिना टिकट के दबोचा गया। आरपीएफ ने पकड़े गए यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। मजिस्ट्रेट के द्वारा लगाए गए जुर्माने को जो यात्री अदा करता गया उसे छोड़ दिया गया। 832 लोगों को जुर्माना अदा करने पर मौके से ही छोड़ दिया गया। सात लोगों को जुर्माना नहीं भरने पर जेल भेज दिया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों से 4 लाख 3 हजार 770 रुपये जुर्माना वसूला गया। उधर, चेकिंग के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से कूदकर भाग गए।
खास बात
सिटी स्टेशन पर हुई रेलवे मजिस्ट्रेटी चेकिंग, 4 लाख 3 हजार 770 रुपये जुर्माना वसूला