गंगानगर। गंगानगर स्थित यूको बैंक के जोनल ऑफिस के डिप्टी मैनेजर के साथ सिपाही ने बदसलूकी की। उसने रौब गालिब करते हुए पूरे स्टाफ के साथ अभद्रता की।
गंगानगर डी ब्लॉक में यूको बैंक का जोनल ऑफिस है। यहां उप अंचल प्रमुख के पद पर आईसी त्यागी तैनात हैं। उन्होंने अपनी गाड़ी नीचे दुकानों के सामने खड़ी कर रखी थी। शुक्रवार दोपहर एक सिपाही गाड़ी हटाने को लेकर हंगामा करने लगा। वह बैंक में आईसी त्यागी के ऑफिस में घुस गया। हंगामा होते देख सभी बैंककर्मी एकत्र हो गए। सिपाही ने गाड़ी न हटाने पर तोड़फोड़, आग लगाने की धमकी दी। काफी देर तक सिपाही बैंककर्मियों को धमकाता रहा। इस बीच किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस की भनक लगते ही सिपाही ने फोन कर अपने परिचित को बुलाया और कार में बैठकर चला गया। बैंककर्मियों ने पूरे मामले की मोबाइल से वीडियो बना ली। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि मवाना क्षेत्र के पिलौना गांव निवासी उसका बड़ा भाई है। वह शामली जिले के एक थाने में तैनात है। बैंक अंचल प्रमुख ने कोई तहरीर नहीं दी है। कर्मचारियों ने वीडियो पुलिस को सौंप दी है।