कंकरखेड़ा (मेरठ)। एक महिला ने जमीन के विवाद को लेकर खानदान के लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह धर्मपरिवर्तन कर लेगी।
गांव रंछाड़, बिनौली बागपत निवासी रेखा ने बताया कि कई साल पूर्व उसके पति उदयवीर की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। उसके बच्चे भी नहीं हैं। वर्तमान में वह शोभापुर चौकी के पीछे किराए के मकान में जेठ के लड़के अमित पुत्र यशपाल के साथ रह रही है। महिला ने बताया कि गांव में उसके पति की लाखों रुपये की जमीन है, जो उसके नाम है। आरोप है कि कुटुंब के लोग उस जमीन को अपने नाम कराने के लिए उस पर दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसकी शिकायत बिनौली थाने से लेकर उच्चाधिकारियों और मुख्यमंत्री के दरबार में की जा चुकी है। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसे आरोपियों से जान का खतरा बना है। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा एपी मिश्रा के अनुसार पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। महिला का उसके गांव के लोगों से जमीन का विवाद है। आरोपियों ने बिनौली से यहां पहुंचकर महिला के साथ मारपीट की है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।