तनाव के चलते गोगर मिल के चौकीदार ने आत्महत्या की
छपरौली (बागपत)। थाना क्षेत्र के हेवा गांव निवासी सुखपाल (62) पुत्र अर्जुन सिंह गोगर चीनी मिल (शामली) के चौकीदार ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात चौकीदार के भाई तेजपाल ने दी तहरीर में कहा मेरा बड़ा भाई सुखपाल गोगर चीनी मिल (शामली) के हेवा गन्ना खरीद केंद्र पर चौकीदार तैनात था। विगत दिनों किसी व्यक्ति ने केंद्र से करीब एक बुग्गी गन्ना चुराकर पास के खेत में डाल दिया और मिल प्रबंधकों को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही मिल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और गन्ना बरामद कर चौकीदार सुखपाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट करा दी। मेरे भाई (सुखपाल) की पुलिस या मिल के अधिकारियों ने कोई बात नहीं सुनी। तब से मेरा भाई परेशान था। इस तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।