निरपुड़ा गांव के वृद्ध पीतम की हत्या एवं नगर पंचायत दोघट की अध्यक्ष के पति को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी कपिल गांगनौली को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। कपिल की निशानदेही पर दोनों वारदातों में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा बरामद किया है।
दोघट थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर 2017 को निरपुड़ा गांव में कामधेनु डेरी पर वृद्ध पीतम की गोली मारकर हत्या की । वहीं अगस्त 2017 में नगर पंचायत दोघट की अध्यक्ष बबीता देवी के पति लोकेंद्र ठेकेदार को ईंट भट्ठे पर गोली मारकर घायल किया। दोनों मामलों में कपिल उर्फ पिंटू पुत्र इंद्रपाल निवासी गांगनौली का नाम प्रकाश में आया । पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। 12 मार्च को कपिल ने पुलिस को चकमा देकर बागपत न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने न्यायालय से कपिल का नौ घंटे का रिमांड मंजूर कराकर बृहस्पतिवार को उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पूछताछ में उसने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकारा है। पुलिस उसकी निशानदेही पर दोनों वारदातों में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा बरामद किया।