सावित्री का परिवार 24 फरवरी तक फिर दहशत में रहेगा। एसएसपी ने पुलिस फोर्स को निर्देश दिए हैं कि अभी कोई हसनपुर रजापुर से नहीं जाएगा। मितन व रवि समेत उसके परिवार की सुरक्षा करना बेहद जरूरी है, क्योंकि तीन हत्यारोपी अभी फरार हैं। उधर, मितन ने आरोप लगाया पुलिस से सेटिंग कर आरोपी लगातार सरेंडर कर रहे हैं।
मितन ने बताया कि सावित्री की हत्या कराने वाला मुख्य आरोपी डासना जेल में बंद सुमित जाट है। जिसने यह प्लानिंग बनाई है। इस मामले में अतुल, ब्रह्मा, सुजीत, जगवीर, जगपाल, विपिन, संजय, अशोक, कुलदीप, मोंटी, अंकित, मोहन व सागर को नामजद किया गया था। इनमें से पुलिस मोंटी व मोहन को जेल भेज चुकी है। जबकि इसके बाद 25 हजारी अतुल, कुलदीप और जगवीर ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने सावित्री के दामाद झिटकरी निवासी बबलू की हत्या वाले दिन ही पच्चीस हजारी तीसरे आरोपी जगपाल को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से बाकि आरोपी फरार थे। जिनमें से शुक्रवार को पुलिस ने अशोक, संजय व हिमांशु उर्फ सागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक ये तीनों ही सावित्री के मुख्य हत्यारोपी थे और उन्होंने ही सावित्री को बाइक पर जाकर जंगल में गोलियों बरसाकर मारा था। इनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचे व कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने पकडे़ गये आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। जबकि मितन को उसके वकील ने बताया कि एक अन्य आरोपी ब्रह्मा ने सेटिंग से कोर्ट में शुक्रवार को ही सरेंडर कर दिया है। इसके बाद अब तीन आरोपी पुलिस पकड़ से दूर रह गए हैं।