घंटाघर पर सराफ से 75 हजार लूटे
मेरठ। घंटाघर के पास दो बदमाशों ने जानसठ के सराफ की आंखों में ज्वलनशील पदार्थ डालकर 75 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित सराफ रात को शहर के सराफा व्यापारियों के साथ थाने पहुंचा ओर घटना की तहरीर दी।
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा जानसठ निवासी राहुल वर्मा की कस्बे के किल्ली दरवाजे पर दुकान है। शुक्रवार शाम को वे सराफा बाजार आए थे। उनके पास 75 हजार रुपये थे। वर्मा के अनुसार घंटाघर पर एक युवक ने उन्हें आवाज देकर रोका और एक मेडिकल स्टोर के बारे में पूछा। उन्होंने जानकारी से इंकार किया। इसके बाद युवक उनके पीछे लगा रहा। आगे चलकर उसने फिर उन्हें रोका और 10 रुपये की धूपबत्ती दिलाने को कहा। उन्होंने उसकी बात अनसुनी की तो युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया। इस बीच एक अन्य युवक भी वहां आ गया। अचानक उन्होंने उनकी आंखों में ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया और उनकी जेब से 75 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना स्थल के पास दुकान में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दोनो बदमाश भागते हुए नजर आ रहे हैं। रात को पीड़ित सराफ ने देहली गेट थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसओ देहली गेट विजय गुप्ता के अनुसार मामला उनके संज्ञान में नहीं है।