कंकरखेड़ा पुलिस पर दुष्कर्म के आरोपियों से साठगांठ करने का आरोप लगाकर मंगलवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कार्यकर्ता एसएसपी ऑफिस के सामने ही सड़क पर लेट गए। एसएसपी ने पांच लोगों को अंदर आकर अपनी शिकायत बताने को कहा। एसएसपी ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पीड़िता के भाई के खिलाफ भी दुष्कर्म का पहले से मुकदमा दर्ज है।
कंकरखेड़ा थाने में 30 अप्रैल 2018 को एक महिला ने बिट्टू व मुर्सलीन के खिलाफ रेप का केस कराया था। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। मंगलवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के संग पीड़िता एसएसपी ऑफिस पहुंची। पीड़िता को इंसाफ न मिलने कार्यकर्ता एसएसपी ऑफिस के बाहर सड़क पर लेट गए। कार्यकर्ताओं ने इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनकी बर्खास्तगी की मांग की। इसके बाद पांच लोग और पीड़िता को एसएसपी ने बुलाया।
एसएसपी ने उनकी शिकायत सुनी और सीओ दौराला से इस मामले में बात की। बाद में एसएसपी ने उन्हें सीओ दौराला के पास उनके ऑफिस में भेज दिया। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता के भाई पर दुष्कर्म का मुकदमा पहले से चल रहा है। उसके बाद ही महिला ने रेप का केस कराया है। सीओ दौराला मामले की जांच कर रहे हैं। हिंदू जागरण मंच महामंत्री प्रभात सिंह, गोपाल, अमित, रोहित, कैलाशी, लवली आदि मौजूद रहे।