फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पावलीखास गांव में मासूम बच्चे की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
बच्चे की बेरहमी से हत्या, चेहरे पर तेजाब डाला
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ/कंकरखेड़ा।
पावली खास गांव में रविवार से लापता 12 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव मोहल्ले के ही एक खंडहर मकान में पड़ा मिला। उसके शरीर पर पिटाई और गले पर रस्सी के निशान मिले है, जबकि चेहरे पर तेजाब भी डाला गया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस अफसरों का घेराव किया। साथ ही हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया। एसडीएम और सीओ के समझाने पर लोग शांत हुए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन-चार लोगों को पूछताछ को हिरासत में लिया है।
पावली खास निवासी जरीफ का बेटा फैजान (12) रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ खेलने गया था। रात तक वो नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। सोमवार सुबह उसका शव मोहल्ले के ही एक खंडहर मकान में मिला। एक मजदूर लघुशंका को वहां गया तो उसने शव देखकर शोर मचा दिया। सूचना पर सीओ दौराला वीपी सिंह, इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
विज्ञापन

फैजान के चेहरे पर कटे हुए और गले पर रस्सी जैसे निशान थे। शरीर पर किसी के काटने के निशान भी थे। उसके चेहरे पर तेजाब भी डला था। वहीं हत्या से गुस्साए लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर डेढ़ घंटे तक शव नहीं उठने दिया और जमकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की ओर से बच्चे की गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी और न ही कोई सूचना दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की पिटाई से मौत होना आया है। उसके साथ गलत काम की पुष्टि नहीं हुई है।

पहले हत्यारों को लाओ, फिर शव उठाओ
ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों का घेराव कर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि हत्यारों को ले आओ और शव को ले जाओ। एसडीएम सरधना राकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने भरोसा दिया कि वे पीड़ित परिवार को शासन स्तर से हर संभव मदद दिलाने का प्रयास करेंगे जबकि सीओ ने हत्यारों का जल्द पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद गांव के बडे़ बुजुर्गों के समझाने पर ग्रामीणों ने दो घंटे बाद शव उठाने दिया।

हत्याराें के साथ किया संघर्ष
फैजान ने हत्यारों से काफी संघंर्ष भी किया था। हत्यारों के नाखूनों के निशान उसके शरीर पर थे। घटना स्थल पर मिट्टी भी उखड़ी हुई थी। शरीर पर काटने के भी निशान थे। इस तमाम तथ्यों पर कुछ लोग उसके साथ गलत काम होने की आशंका भी जता रहे थे।

हमने किसी का क्या बिगाड़ा था
फैजान की हत्या के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा था। मां अफसाना ने बताया कि उनके सात बच्चे हैं। जिनमें तीन लड़कियां नाजरीन, शाजीन, अर्शी और चार लड़के नाजिम, फैजान, फैज और जैद हैं। जिनमें फै जान की हत्या हो गई। मां और बहन रोते हुए कई बार बेहोश भी र्हुइं। उसकी मां और बहनें बार बार यही कह रही थी कि हमने किसी का क्या बिगाड़ा था।

क्यों की गई हत्या
फैजान का पिता मजदूरी करता है, जबकि मां घर में कपड़े प्रेस करती हैं। परिवार की आर्थिक हालत भी कमजोर है। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से भी इंकार किया है। ऐसे में हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि मासूम की हत्या क्यों की गई।
विज्ञापन


सीओ ने किया 50 हजार का इनाम घोषित
सीओ दौराला वीपी सिंह ने फैजान के हत्यारों का नाम पता और पहचान बताने वाले को अपनी ओर से 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। सीओ का कहना है कि जो भी व्यक्ति आरोपियों के बारे में पुलिस को बताएगा उसका नाम गुप्त रखा जाएगा।

खास बात
रविवार से लापता था, सोमवार को खंडहर मकान में मिला शव, गले पर मिले रस्सी के निशान
गुस्साए लोगों ने अफसरों का घेराव कर दो घंटे तक नहीं उठने दिया शव
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें