- दिल्ली निवासी इंजीनियर और उनकी पत्नी से नकदी, कार लूटी
- एनएच-58 हाईवे पर ब्रावुरा होटल के पास हुई वारदात
- इसी होटल में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से तीन घंटे पहले हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार को पुलिस को खुली चुनौती दे दी। बाईपास स्थित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम स्थल से चंद कदम दूर बदमाशों ने दिल्ली के इंजीनियर व उनकी पत्नी से दिनदहाडे़ लूटपाट की। दंपति के विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और नकदी, जेवर व कार लूटकर फरार हो गए। इस वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह वारदात एनएच-58 परतापुर हाईवे स्थित ब्रावुरा होटल के पास हुई। इस होटल में मंगलवार अमित शाह का कार्यक्रम था। इसके चलते हाईवे और होटल के बाहर फोर्स लगी हुई है। दिल्ली चंद विहार कॉलोनी निवासी विपिन कुमार (आईटी कंपनी में इंजीनियर) पत्नी साक्षी और पांच साल के बेटे वरुण के साथ कार से सहारनपुर में अपने रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। बच्चे को भूख लगने के कारण विपिन ने ब्रावुरा होटल के पास एक ढाबे के सामने कार रोक ली। विपिन कार से उतरकर ढाबे में अंदर चले गए, तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने कार समेत साक्षी को घेर लिया। बदमाशों ने साक्षी की कनपटी पर पिस्टल लगाया तो वह अपने बच्चे का हवाला देकर गुहार लगाने लगी।
चाबी दो और भाग जाओ
बदमाशों ने साक्षी से कहा है कि गाड़ी की चाबी दो और भाग जाओ। पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनते ही विपिन दौड़कर आया। जिस पर बदमाशों ने उसको भी पकड़ा और मारपीट करने लगे। दो बदमाश अलग-अलग बाइक से भागे और दो बदमाश विपिन की कार लेकर दिल्ली की तरफ भाग गए। कार में करीब एक लाख रुपये व जेवरात भी रखे थे। दंपति के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। ब्रावुरा होटल के बाहर पुलिस फोर्स भी दौड़कर पहुंची।
लूट से हड़कंप
वीआईपी कार्यक्रम के पास पुलिस, पीएसी और आरएएफ की तैनाती के बीच दिनदहाड़े लूट की खबर लगते ही पुलिस में हड़कंप मच गया है। परतापुर, टीपीनगर व कंकरखेड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दंपति को लेकर करीब एक घंटे तक हाईवे पर घूमती रही, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। इसके बाद परतापुर थाने में विपिन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई। इंस्पेक्टर परतापुर तपेश्वर सागर ने बताया कि दंपति से दो मोबाइल, नकदी, जेवरात और कार लूटी गई है।
सुरक्षा की खुली पोल
जिस जगह लूट हुई है, उससे थोड़ी दूरी पर होटल ब्रावुरा में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने की तैयारी चल रही थी। वहीं पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आएंगे। जहां भाजपा नेताओं के साथ मीटिंग होगी। उनकी सुरक्षा को लेकर ब्रावुरा के बाहर हजारों की संख्या में पुलिस बल मौजूद था। लूट करने के बाद बेखौफ बदमाश घटना को अंजाम देकर भाग गए और पुलिस देखती रह गई। होली के त्योहार पर परतापुर में पांच और टीपीनगर थानाक्षेत्र में चार लूट की वारदात हुई थी। इसके बाद भी पुलिस गंभीर नहीं हुई।