-रुड़की रोड पर सनराइज कॉलोनी से पकड़ी गई भारी मात्रा में शराब
-कई नामी कंपनियों के लेबल भी पकड़े, दो आरोपी हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम/मेरठ। लालकुर्ती और पल्लवपुरम पुलिस ने देशी और हरियाणा मार्का शराब को ब्रांडेड कंपनी की बोतलों में भरकर बेचे जाने का भंडाफोड़ किया है। मौके से काफी मात्रा में शराब और खाली बोतलें मिलीं। पुलिस ने अवैध धंधे से जुड़े दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो आरोपी हो गए।
मंगलवार देररात लालकुर्ती पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक ब्रांडेड कंपनी की शराब पिट्ठू बैग में भरकर बेचने निकले हैं। पुलिस ने इन दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने अपने नाम आयुष और रजत उर्फ जोकिया बताए। अपने दो अन्य साथियों की पहचान नीरज और नितिन के रूप में की। आरोपियों ने यह भी बताया कि जिस शराब को वह ब्रांडेड कंपनी का बताकर बेचने निकले थे, वह हरियाणा मार्का शराब है। ब्रांडेड कंपनी की बोतलों में भरकर उसे बेचा जा रहा है। इसके बाद लालकुर्ती इंस्पेक्टर रोजंत त्यागी ने पल्लवपुरम पुलिस के साथ रुड़की रोड स्थित सनराइज कॉलोनी में दबिश दी। वहां एक फ्लैट से पुलिस ने भारी मात्रा में शराब बरामद की। वहां पर भारी संख्या में ब्रांडेड कंपनी की खाली बोतलें और कई बड़ी कंपनियों के लेबल भी कब्जे में लिये।
इंस्पेक्टर पल्लवपुरम जनक सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों युवकों ने कुबूल किया कि वह हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश मार्का अवैध शराब ब्रांडेड कंपनियों की बोतलों में भरकर सप्लाई करने का काम करते हैं। इसमें चार लोग शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों पर धोखधड़ी और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा कायम कराया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।