हस्तिनापुर प्रभात नगर निवासी किसान खचेडू़ का शव करीब पंद्रह दिन पहले खेत में मिला था
किसान अपने बेटे अनिल को सारी जमीन पुत्रियों के नाम करने की धमकी देता था
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। पुलिस ने बीती 22 जनवरी को हुई किसान की हत्या का बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। बेटे ने ही जमीन हासिल करने के लिए पिता की हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को जेल भेज दिया है।
बताते चलें कि हस्तिनापुर के प्रभात नगर निवासी खचेडू पुत्र पलटू का शव मवाना-हस्तिनापुर मार्ग स्थित उसके खेत से बरामद हुआ था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मौके से खून से सना डंडा और कुल्हाड़ी बरामद की थी। इस मामले में पुलिस को शुरू से ही बेटे अनिल पर शक था। कई बार पूछताछ करने पर आखिर अनिल टूट गया और उसने हत्या कबूल की। उसने बताया कि उसके पिता के नाम 15 बीघा जमीन थी। अनिल के दो बहने हैं। उनकी शादी हो चुकी है। पिता खचेडू सारी जमीन बेटियों के नाम करने की धमकी देता था। इससे क्षुब्ध होकर अनिल ने अपने पिता की हत्या कर दी। सीओ मवाना पंकज कुमार व थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया। सीओ पंकज कुमार का कहना है कि बेटे ने जमीन पाने के लिए पिता की हत्या की है।