शादी से पहले दुल्हन लाखों लेकर फरार
मेरठ। शादी से पहले एक दुल्हन लाखों रुपये की ज्वैलरी लेकर फरार हो गई। पीड़ित व्यक्ति ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत दर्ज कराई है।
शास्त्रीनगर, नौचंदी निवासी राकेश कुमार ने कार्यवाहक एसएसपी राजेश कुमार को बताया कि करीब 14 साल पहले उनका पत्नी से तलाक हो गया था। उन्होंने फिर से शादी करने की सोची। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी एक महिला से हुई। जिसने उन्हें ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी एक युवती से मिलवाया। दोनों पक्षों में शादी के लिए सहमति भी बन गई। चार मार्च को युवती के परिजनों ने शास्त्रीनगर में पहुंचकर राकेश के साथ सगाई की थी। आरोप है कि शादी के नाम पर युवती के पिता ने सगाई वाले दिन ही खर्च के नाम पर दो लाख रुपये ऐंठ लिए। जिसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ राकेश के घर में ही बस गई।
तीस मई को राकेश ड्यूटी पर गए थे तो इस बीच युवती और उसके परिजन घर से 72 हजार रुपये, सोने के कुंडल, कंगन, चेन, अंगूठी और अन्य ज्वैलरी लेकर फरार हो गए। राकेश जब युवती के घर पहुंचे तो परिजनों ने कहा कि यदि शादी करनी है तो दो लाख रुपये और देने होंगे। अब आरोपी युवती के परिजन राकेश से दो लाख रुपये मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी दी। कार्यवाहक एसएसपी ने इंस्पेक्टर नौचंदी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पांच शादियां की
पुलिस के अनुसार पता चला कि यह महिला कई लोगों से शादी कर चुकी है। बाद में रेप के मामले में फंसाने की धमकी दी जाती है। यह युवती दुल्हन बनकर पहले भी टीपीनगर, नौचंदी और ब्रह्मपुरी में ठगी कर चुकी है। तलाक के नाम पर भी लाखों रुपये ऐंठे जा चुके हैं।