कैंपस में तोड़फोड़ से गुस्साए छात्रों ने रजिस्ट्रार को घेरा
मेरठ।
कैंपस की लाइब्रेरी में तोड़फोड़ और छात्र-छात्राओं से मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं किए जाने पर बुधवार को छात्रों का गुस्सा भड़क गया। छात्रों ने रजिस्ट्रार का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने की मांग की। रजिस्ट्रार ने पूरे मामले में एसपी सिटी से बात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस में बवालियों ने गेट पर जमकर हंगामा किया था। इसके बाद बवाली लाइब्रेरी में तोड़फोड़ करते हुए छात्र-छात्राओं से मारपीट कर दी थी। इस मामले में यूनिवर्सिटी की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। इसके विरोध में बुधवार को छात्र नेता गगन सोम के नेतृत्व के बड़ी संख्या में छात्र कैंपस पहुंचे और रजिस्ट्रार ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव का घेराव किया।
छात्रों का कहना था कि इतना बड़ा बवाल होने के बाद भी यूनिवर्सिटी के अधिकारी सोए हुए हैं। छात्रों ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे तो यूनिवर्सिटी में कोई कुछ भी कर जाएगा और अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे। छात्रों के हंगामे के चलते रजिस्ट्रार ने एसपी सिटी मान सिंह चौहान से पूरे प्रकरण पर बात करने के बाद लाइब्रेरी अध्यक्ष से बात कर प्रशासनिक अधिकारियों को रिपोर्ट देने के लिए कहा। इस दौरान अजय सैनी, शोभित तोमर, शक्ति, तेगबहादुर, गगन कुमार, अंकुर, अनमोल आदि मौजूद रहे।
कैंपस में बिगड़ते माहौल पर बुलाई छात्रों की बैठक
छात्र नेता गगन सोम ने कैंपस में बिगड़ते माहौल पर बृहस्पतिवार को साहित्य कुटीर पर छात्रों की बैठक बुलाई है। इसमें छात्रों की राय लेने के बाद यूनिवर्सिटी के अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा।