मेरठ। एसटीएफ ने इंडियन आयल कारपोरेशन (आईओसी) के डिपो से निकलने वाले टैंकरों से होने वाली तेल चोरी का भंडाफोड़ किया है। टीपी नगर थाना क्षेत्र के पूठा गांव के तीन गोदामों पर छापामारी करते हुए तीन गोदाम संचालकों समेत 16 लोग गिरफ्तार किए गए। इनके कब्जे से तेल के नौ टैंकर, साल्वेंट व इथेनॉल के ड्रम, मास्टर की सहित तेल की बिक्री के 4.95 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
एसपी एसटीएफ आलोक प्रियदर्शी के अनुसार सूचना मिली थी कि पूठा गांव के सरकारी तेल डिपो के आसपास कई लोगों ने गोदाम बना रखे हैं। जहां डिपो से निकलने वाले टैंकरों से पेट्रोल और डीजल चोरी किया जाता है। यह काम सेटिंग के साथ होने के साथ इसमें पूरा गैंग लगा हुआ है। फिर इस तेल को बाजार में बेचा जाता है। एसटीएफ ने कुछ दिन तक गोपनीय ढंग से जांच पड़ताल के बाद सोमवार शाम टीपी नगर पुलिस को साथ लेकर तेल चोरी के काले कारोबार का खुलासा कर दिया।
मौके से निकाला जा रहा था तेल
एसपी के अनुसार मौके पर तेल डिपो के टैंकरों से तेल निकाला जा रहा था। कई लोग इस काम में लगे थे। गोदामों में इथेनॉल और सॉल्वेंट से भरे ड्रम रखे हुए थे। जिन्हें तेल की कमी पूरी करने के लिए मिलाया जाता था। वहां से तेल से भरे पांच और चार खाली टैंकर मिले। तेल निकालने की पंपिंग मशीन, मीटर गेज, पाइप आदि को कब्जे में ले लिया गया। इनके खिलाफ थाना टीपी नगर पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
एक माह में 1-1.50 करोड़ की तेल चोरी
एसपी एसटीएफ का कहना है कि जांच पड़ताल में पता चला कि इस काम को संगठित तरीके से अंजाम दिया जा रहा था। यहां स्थित 14 गोदामों में एक महीने में करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये की तेल चोरी होती है। एक लीटर तेल पर ये लोग 20 रुपये तक कमाते हैं।
ये हुए गिरफ्तार, बरामद सामान
योगेश चौधरी अनिल चौधरी और अनिल कुमार (गोदाम संचालक) निवासी पूठा गांव, रामबाबू निवासी बुलंदशहर, हामिद निवासी राजस्थान, पूठा निवासी जानी, गौरव, मोहित विजय, कुमार, सोहनवीर, रणजीत सिंह, लोकेश, अंशुल, कृष्णा, सोनू और मोहित कुमार।
खास बातें:
एसटीएफ ने टीपी नगर थाना क्षेत्र के पूठा गांव के तीन गोदामों पर की छापामारी
आईओसी के डिपो के टैंकरों से चोरी होता था तेल, आरोपियों में तीन गोदाम संचालक
तेल के नौ टैंकर, साल्वेंट और इथेनॉल के ड्रम, मास्टर की के अलावा 4.95 लाख रुपये बरामद