मेरठ। जली कोठी स्थित पटेलनगर में अजय उर्फ रिंकू की हत्या में नामजद पांचवां आरोपी अभिषेक उर्फ नेमू पंडित निवासी गंगानगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी आठ आरोपी और फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एसओ देहलीगेट विजय गुप्ता के मुताबिक 27 फरवरी को पटेलनगर, जली कोठी में अजय उर्फ रिंकू निवासी शिवपुरम, टीपीनगर की हत्या हुई थी। उसका कसूर इतना था कि वह जाम से बचकर पटेलनगर से निकलकर जा रहा था। हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला के बेटे शादाब और मोबाइल विक्रेता अरमान का झगड़ा हो रहा था। तभी शादाब और उसके साथ आए पुलिस वालों के बेटों ने गोली चला दी थी। जिसमें एक गोली अजय को लगी थी।
पुलिस ने इस मामले में शादाब, आमिर, निखिल व भूरा को जेल भेजा था। जबकि दरोगा का बेटा मोहित उर्फ गोलू समेत नौ आरोपी फरार थे। एसएसपी के निर्देश पर हाजी गल्ला को भी साजिश रचने का मुल्जिम बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार अभिषेक को जली कोठी चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे एक तमंचा मिला है। गल्ला, मोहित और अभिषेक पर एसएसपी ने 25-25 हजार का इनाम किया था।