मेरठ। साहब! बेटे के हत्यारोपी जमानत पर जेल से बाहर आ गए हैं। वे अब उन्हें धमका रहे हैं। कहते हैं कि केस की पैरवी मत करो, वरना सोहरका जैसा हाल हो जाएगा।
मामला छात्र नेता प्रशांत चौधरी मर्डर केस से जुड़ा है। 29 जून को तेजगढ़ी चौराहे स्थित ऑल इज वेल होटल के गेट पर छात्र नेता जागृति विहार निवासी प्रशांत चौधरी की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सपा छात्र सभा के नेता सहित कई छात्र नेताओं के नाम सामने आए थे। कई आरोपी छात्र नेताओं को पुलिस ने जेल भेजा था। प्रशांत के माता-पिता बुधवार को एसपी क्राइम से मिले। बताया कि उनके इकलौते बेटे के हत्यारोपी जेल से जमानत पर बाहर आ गए हैं। अब वे लोग उन्हें धमकी दे रहे हैं कि केस की पैरवी मत करो। चुपचाप घर बैठे रहो। यदि पैरवी की तो सोहरका जैसा हाल होगा। दोनों ने बताया कि उनका केस ट्रायल पर चल रहा है। गवाही भी होनी है। ऐसे में आरोपियों की धमकियों से वे बहुत डरे हुए हैं। उनके साथ कोई भी घटना हो सकती है।
एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि प्रशांत के माता-पिता काफी डरे हुए थे। उन्होंने एसओ मेडिकल को निर्देश दिए हैं कि धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़ित को सुरक्षा प्रदान करें। हालांकि देर रात एसओ मेडिकल ने बताया कि दंपति उनके पास नहीं पहुंचा था। उनसे मिलकर केस दर्ज किया जाएगा।
सिपाही भी आया था संदेह के दायरे में
इस घटना में मेडिकल थाने का एक सिपाही भी संदेह के दायरे में आया था। इसे लेकर खूब हल्ला मचा था। लेकिन राजनीतिक पहुंच के चलते पुलिस ने इसका बचाव कर लिया था। कहा गया था कि ये घटना के वक्त दूसरी जगह ड्यूटी पर था।
घर में भी रहने से डर लग रहा है
आरोपियों के जमानत पर छूटने के बाद प्रशांत के बुजुर्ग माता पिता काफी डरे सहमे हैं। उन्होंने बताया कि परतापुर के सोहरका में मां-बेटे की हत्या की घटना के बाद से तो वे और भी ज्यादा डर गए हैं। डर की वजह से वे अपने परिचितों या मिलने जुलने वालों के पास ही रह रहे हैं।
खास बातें
प्रशांत चौधरी मर्डर केस में प्रशांत के माता-पिता ने एसपी क्राइम से मिलकर मांगी सुरक्षा
कहा, जमानत पर बाहर आए हत्यारोपी धमका रहे