मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ की 18 नवंबर को दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में होने वाली जनसभा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। इस दौरान आधा किमी के घेरे में 25 सौ पुलिसकर्मी तैनात होंगे।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मंडल के दूसरे जिलों से भी फोर्स मंगाई गई है। आठ एडिशनल एसपी, 23 सीओ, 40 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर के अलावा चार कंपनी पीएसी और दो हजार पुलिसकर्मियों की की ड्यूटी लगाई गई है। जनसभा स्थल पर पुलिस लाइन से पुलिस की पिकेट लगा दी गई है। सुरक्षा को देखते हुए एलआईयू, इंटेलीजेंस की टीम भी रहेगी। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाएड, और फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहेंगी। आसपास के घरों की छतों पर पुलिस का पहरा रहेगा। ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। पुलिस फोर्स के अलावा एटीएस का भी पहरा रहेगा।
दिल्ली रोड पर रहेगा डायवर्जन, भारी वाहन बंद:
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई ने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर दिल्ली रोड पर सभी प्रकार के भारी वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। रैली के लिए तीन स्थानों पर बसों की पार्किंग बनाई गई है। जीरो माइल व बेगमपुल से बसें शहर में नहीं आएंगी। कमिश्नरी आवास चौराहे से तेजगढ़ी, एल ब्लॉक, बिजली बंबा बाईपास के रास्ते नूरनगर से सीधे माधवपुरम में रैली की बस पहुंचेगी। माधवपुरम में बसों की पार्किंग बनाई गई है। परतापुर तिराहे की तरफ से आने वाली रैली की बसों के लिए दिल्ली रोड स्थित नवीन मंडी में पार्किंग बनाई गई है। बागपत, रोहटा रोड और मोदीपुरम की तरफ से आने वाली रैली की बसें भी परतापुर तिराहे से आकर मंडी में पहुंचेंगी। चार पहिया वाहनों के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में पार्किंग बनाई गई है। वहीं, दिल्ली-गाजियाबाद की तरफ से आने वाली रोडवेज की बसें परतापुर तिराहे से कंकरखेड़ा बाईपास से जीरोमाइल, बेगमपुल होकर भैसाली बस अड्डे पहुंचेगी। इसी रूट से वापस जाएंगी। परतापुर तिराहे से बेगमपुल के बीच सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान को पुलिस ने लिया सुरक्षा घेरे में