अपहृत किशोरी का नहीं लगा सुराग, तनाव
मेरठ। किनौनी गांव से एक माह पहले अपहृत हुई किशोरी की बरामदगी को लेकर शुक्रवार को फिर से गांव में तनाव हो गया। युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने पहले गांव में पंचायत की और बाद में एसएसपी ऑफिस पर हंगामा किया।
रोहटा थाना क्षेत्र के किनौनी निवासी 16 वर्षीय एक किशोरी का 30 अगस्त को स्कॉर्पियो सवार युवकों ने अपहरण कर लिया था। परिजनों ने दो युवक ों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए रोहटा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि एक आरोपी गांव में घूम रहा है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जिसके बाद पीड़ित पक्ष के लोगों ने गांव में पंचायत कर आगे की रणनीति बनाई। बाद में किशोरी के परिजन और ग्रामीण एसएसपी ऑफिस पहुंचे और हंगामा कर नारेबाजी कर दी। परिजनों का आरोप है कि अलग-अलग बिरादरी से मामला जुड़ा होने के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस आरोपियों को बचाने में लगी है। वहीं एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि एसओ रोहटा को किशोरी की बरामदगी के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
खास बात
पीड़ित लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी ऑफिस पर किया हंगामा