सरधना में व्यापारियों से पैसे उगाह कर वापस लौट रहा था जिशान-शनि-अरहम ट्रेडिंग कंपनी का कैशियर
कैशियर से कार सवार पांच बदमाशों ने सरधना खिर्वा मार्ग पर की लूट
सीओ सरधना घटना को प्रथम दृष्टया मान रहे संदिग्ध
सरधना। मेरठ की एक ट्रेडिंग कंपनी का कैशियर सरधना में व्यापारियों से बकाये की उगाही कर लौट रहा था। बाइक सवार कैशियर को कार सवार पांच बदमाशों ने सरधना खिर्वा मार्ग पर पीछे से टक्कर मारकर रोक लिया और उसके पास मौजूद 4.80 लाख रुपये की नगदी लूट कर फरार हो गये। घटना की सूचना पर कंकरखेड़ा और सरधना पुलिस मौके पर पहुंची और सीमा विवाद में उलझ गयी। बाद में मामला सरधना थाने का पाया गया तो सीओ सरधना ने घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताकर जांच की बात कही।
मेरठ घंटाघर निवासी अमीरूद्दीन पुत्र उमरदीन दिल्ली की जिशान-शनि-अरहम ट्रेडिंग कंपनी में कैशियर है। इस कंपनी से सरधना में जौं का छिलका एक्सेक्ट (बीयर पशुओं के लिये) जो कि ट्रकों के माध्यम से सरधना में सप्लाई होता हैं। अमीरूदीन सरधना व आसपास के क्षेत्र से उस जौं की बिक्री के रुपयों का कलेक्शन करता हैं। रविवार दोपहर दौराला-जानी व सरधना से कलेक्शन कर अमीरुद्दीन अपनी बाइक से खिर्वा मार्ग से होते हुये वापस मेरठ आ रहा था। जैसे ही वह खिर्वा जेवरी के बीच पहुंचा, तो पीछे से सरधना की तरफ से आई सफेद रंग की वैगनआर कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अमीरुद्दीन सड़क किनारे गिर गया। इसी बीच पांच हथियारबंद बदमाश वैगनआर से निकले और अमीरुद्दीन के कलेक्शन किये गये 4.80 लाख रुपये और दो मोबाइल में से एक मोबाइल लूट लिया। अमीरूद़्दीन ने अपने पास मौजूद दूसरे मोबाइल से कंपनी प्रबंधन और अपने परिजनों को इस लूट की सूचना दी। जिसके बाद कंपनी ने सूचना पुलिस को दी। सरधना इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल, इंस्पेक्टर कंकरखेडा के साथ सीओ संतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों थानों की पुलिस पहले तो काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में जब तय हुआ कि घटना सरधना थाना क्षेत्र की है तो पुलिस ने बदमाशों की कार की तलाश शुरू करायी।
सीओ ने माना घटना को संदिग्ध
सीओ संतोष कुमार ने प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध माना है। उनका कहना है कि पीड़ित द्वारा कार द्वारा बाइक में पीछे से टक्कर मारने की बात कही गयी है। लेकिन बाइक पीछे से बिल्कुल भी क्षतिग्रस्त नहीं है। इसके साथ ही कैशियर का इतनी बड़ी रकम लेकर हाइवे के बजाए सुनसान मार्ग से जाना भी सवाल खड़ा कर रहा है। इसी लिए पुलिस दोनों पहलुओं पर गौर करते हुए जांच कर रही है।