अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ====
अंतर्राष्ट्रीय शूटर शहजर के पिता से मारपीट
आरोपी ने खुद को बता रहा सचिवालय में सचिव, पुलिस ने शांति भंग में किया चालान
मवाना (मेरठ)।
मार्निंग वॉक कर घर लौट रहे अंतर्राष्ट्रीय शूटर शहजर रिजवी के पिता के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग में मामला दर्ज कर चालान कर दिया। वहीं आरोपी ने सचिवालय में सचिव होने का दावा किया।
मवाना खुर्द निवासी अंतर्राष्ट्रीय शूटर शहजर रिजवी वायुसेना में तैनात हैं। उनके पिता शमशाद रिजवी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे वह वॉक से लौट रहे थे। रास्ते में गांव निवासी डॉ. मुशर्रफ हुसैन रिजवी ने उनके साथ अभद्रता और गाली गलौज की। विरोध करने पर मुशर्रफ ने शमशाद की लाठी छीनकर पिटाई कर दी। इससे उन्हें गंभीर चोटें लगीं। ग्रामीणों ने दौड़कर उन्हें बचाया। घायल शमशाद ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे। शमशाद के अनुसार उन्होंने फोन पर बेटे शहजर को घटना की जानकारी दी। शहजर ने एसएसपी को फोन कर दिया। इसके बाद थाना पुलिस ने शांतिभंग में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
एक्सरे रिपोर्ट के आधार पर लगेगी धारा
सीओ अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से जो तहरीर दी गई थी। उसके आधार पर मामला धारा 151 का बन रहा था। आरोपी भी उसी मोहल्ले का है और बुुजुर्ग है। मारपीट में पीड़ित के हाथ में चोट आई है। एक्सरे कराया गया है। यदि रिपोर्ट में फ्रैक्चर आता है तो उसके आधार पर संबंधित धारा में केस दर्ज किया जाएगा।
ग्रामीणों पर रौब गालिब करता है आरोपी
शहज़र के पिता शमशाद ने बताया कि आरोपी खुद कोे सचिवालय में सचिव बताता है। वो खुद को सीएम का करीबी बताकर गांव वालों पर रौब गालिब करता है। ग्रामीण भी उससे परेशान हैं। गांव में यह भी चर्चा थी कि आरोपी एक बार पुलिस एक्सकार्ट के साथ गांव आया था। हालांकि पुलिस अधिकारियों से इससे इंकार किया।
मशक्कत से पकड़ा आया मुशर्रफ
मवाना खुर्द चौकी इंचार्ज मनोज त्यागी जब आरोपी को पकड़ने गए तो खूब हंगामा हुआ। महिलाओं ने पुलिस पर आरोप प्रत्यारोप शुरू कर दिए। महिला सिपाहियों के आने के बाद पुलिस आरोपी को पकड़ पाई। पुलिस के थाने लाने के बाद आरोपी ने जमकर हंगामा काटा। चर्चा है कि उसने पुलिस कर्मियों को वर्दी उतरवाने और लखनऊ तलब करने की धमकी दी। थाने के बाहर खडे़ शमशाद को भी खरी खोटी सुनाई। सीएचसी में डॉक्टरी के दौरान भी उसका रवैया अजीबो गरीब था।
देश का गौरव है शहजर
दस मीटर एयर पिस्टल में निशाना लगाने वाले शहजर रिजवी ने आईएसएसएफ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक पर निशाना लगाकर देश को शीर्ष पर ला दिया था। शहजर ने इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन की ताजा रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था। मैक्सिको में मार्च में हुए विश्व कप के पहले चरण में विश्व रिकार्ड 242.3 के साथ स्वर्ण पदक जीता था। हाल ही में चांगवान में खत्म हुए दूसरे चरण में उन्होंने रजत पदक जीता। अभी वह कुवैत में होने वाली शूटिंग चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कोट
तहरीर के आधार पर आरोपी पर मामला दर्ज कर शांतिभंग में चालान किया गया है। आरोपी द्वारा खुद को सचिवालय में सचिव बताए जाने की जानकारी संज्ञान में आई है। इसकी जानकारी की जा रही है।
-राजेश कुमार ,एसपी देहात