परीक्षितगढ़। क्षेत्र के दो गांवों में जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने दो भैंसों को जहर देकर मार डाला। ग्रामीणों ने तीन आरोपितों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक माह से जहरखुरानी गिरोह के सदस्य कई गांवों में दर्जनों पशुओं को जहर देकर मार चुके हैं। पीड़ितों ने तीन लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम इकला रसूलपुर निवासी किसान इसरार की भैंस को शनिवार देर शाम जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने चारे में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इससे दो भैंसों की मौत हो गई। वहीं, चारे में जहरीला पदार्थ मिलने पर ग्रामीणों ने आसपास के मार्गों पर आरोपितों की तलाश की। दो युवक ग्रामीणों को देख भागने लगे। इस पर पीछा कर दोनों को इकला रसूलपुर मार्ग पर पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने अपना नाम अंशुल पुत्र लख्मीचंद ग्राम मीवा, सलमान पुत्र फैना निवासी मवाना बताया। वहीं, ग्राम अहमदनगर बढ़ला में जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने अमित पुत्र ब्रजपाल की भैंस को चारे में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। जिससे भैंस की मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। आरोपी ने अपना नाम सरफराज पुत्र सरताल निवासी भैंसा रोड मवाना बताया। दोनों पीड़ितों ने थाने में तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहरखुरानी के सदस्यों ने पिछले तीन सप्ताह में आसपास के गांवों में दर्जनों पशुओं को चारे में जहर मिलाकर मार दिया है। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। थाना प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि युवकों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
मुख्य बातें
राहवती के पशुपालक की दो भैंस को जहर देकर मारा