स्कूल बस चालक का रॉड मारकर सिर फोड़ा
मवाना। मिल रोड स्थित एक स्कूल के बस चालक का बुधवार को दूसरे चालक से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिस पर चालक ने लोहे की रॉड से साथी चालक का सिर फोड़ दिया। लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
थाना इंचौली के धनपुर गांव निवासी पवन ने बताया कि वह मिल रोड स्थित एक स्कूल में बस चालक है। बुधवार को छुट्टी के समय वह बस को रूट पर लगा रहा था। इस दौरान उसकी ततीना निवासी दूसरे बस चालक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद चालक ने रॉड मारकर पवन का सिर फोड़ दिया। जिस कारण वह लहूलुहान हो गया। दोनों चालकों में झगड़ा होने की सूचना पर स्कूल में हड़कंप मच गया। लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घायल चालक को सीएचसी में उपचार कराया। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही है।