बहसूमा। कस्बे के बटावली मार्ग से बुधवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिला। उसकी शिनाख्त बटावली निवासी इलेक्ट्रीशियन के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बगैर शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। क्षेत्र में चर्चा पीट-पीटकर हत्या करने की है।
गांव बटावली निवासी हारून (38) पुत्र अमीरूद्दीन की कस्बा स्थित बटावली मार्ग पर इलेक्ट्रीशियन की दुकान है। वह मंगलवार रात घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी रात भर तलाश की। उसका शव बुधवार तड़के बटावली मार्ग किनारे एक नलकूप के समीप पड़ा मिला। बताया कि उसके गले एवं शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। परिजनों ने शराब पिलाकर पीटकर हत्या करने की आशंका जताई। परिजनों ने बिना कार्रवाई किए हारून के शव को सुपुर्द के खाक कर दिया। इस संबंध में एसओ अजय चौधरी ने अनभिज्ञता जताई है।
एक सप्ताह में दूसरी वारदात
कस्बे क ेबटावली मार्ग से एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना है। बीती एक सितंबर को कस्बे के ही मोहल्ला चेनपुरा निवासी टिंकू को बाइक सवार दो युवक बेसुध हालात में छोड़कर फरार हो गए थे। उसकी बाद में मौत हो गई थी। परिजनों ने उस समय सुसराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। वहीं, बुधवार तड़के बटावली मार्ग से हारून इलेक्ट्रीशियन का शव मिला है। यह स्थान हत्यारों के लिए सुरक्षित स्थान तो नहीं बन गया है। वहीं, इस संबंध में एसओ अजय चौधरी का कहना है कि उक्त मार्ग पर विशेष रूप से पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवजे की मांग
बहसूमा। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह ने बुधवार को जिलाधिकारी मेरठ से रामराज खादर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित हरिपुर, सिरजेपुर, बामनौली, फतेहपुर प्रेम एवं मानपुर आदि गांवों के फसल मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि खादर क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से सत्तर फीसदी फसल नष्ट हो चुकी है। प्रदेश में गन्ने को छोड़ सभी फसल बीमा योजना में सम्मलित हैं। उक्त सभी गांवों में बाढ़ से मची तबाही की चपेट में आए किसानों की फसलो के मुआवजे की मांग की। उन्होंने तहसील स्तर से लेखपाल के माध्यम से नष्ट हुई फसल का आंकलन कराकर उन्हें मुआवजा दिलाया जाए। इस मौके पर समस्त सचंालकों का प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा।