सरधना। सुरानी गांव में बृहस्पतिवार देर शाम दबिश देने गई पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया। पुलिस ने बमुश्किल जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, पति-पत्नी का विवाद बताकर दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास को लेकर भाकियू नेता संजय सिंह के साथ अन्य पदाधिकारी थाने पहुंचे।
समरपुर सुरानी निवासी रूबी पत्नी उम्मेद अली की शादी अमृत विहार हापुड़ निवासी फुरकान से हुई थी। पति व पत्नी के बीच विवाद हो गया था। जिसमें अब रूबी मायके में रह रही है। फुरकान बुधवार को अपनी ससुराल सुरानी आया। आरोप है कि उसके ससुर एवं साले के साथ एक अन्य व्यक्ति ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने घायल का उपचार कराया और बृहस्पतिवार की रात में वह आरोपियों को पकड़ने के लिए सुुरानी पहुंची। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया तो वहां पर भीड़ ने पथराव कर दिया। पुलिस वहां से बमुश्किल बचकर भागी। वहीं, इस मामले में भाकियू नेता संजय दौरालिया थाने पहुंचे और मामला पति-पत्नी के बीच का होने और फुरकान को चोट बाइक फिसलने से लगी है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।