मोदीपुरम। अंसल कॉलोनी में शुक्रवार रात दो बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस गए। वे किसी वारदात को अंजाम देने आए थे। वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोककर पूछा कि यहां क्यों घूम रहे हो। इस पर बदमाशों ने गोली चला दी। इसके बाद गार्ड ने भी उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान दो राउंड फायरिंग हुई। गोलियों की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग एकत्र हुए और बदमाशों की घेराबंदी कर दी, लेेकिन बदमाश वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। शनिवार दोपहर स्थानीय लोग कॉलोनी के साइट ऑफिस पहुंचे। कॉलोनी निवासी अजय कुमार, सीमा शर्मा, सतपाल सिंह, राकेश कुशवाह, राजेश शर्मा आदि ने सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की।