जानीखुर्द। जानीखुर्द स्थित पंजाब नेशनल बैंक से बुधवार सुबह एक चोर ने कूलर और दो कंप्यूटर चोरी कर लिये। ग्रामीणों ने मौके से भागते चोर को सामान समेत दबोच लिया। ग्रामीणों ने चोर की पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
जानीखुर्द में बस स्टैंड पर पीएनबी की शाखा है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को सिर पर कूलर रखकर ले जाते हुए देखा। इस पर ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने युवक को रोककर पूछताछ की। इसमें युवक सही जवाब नहीं दे पाया। ग्रामीणों ने सख्ती की तो चोर ने बताया कि उसे कूलर एक व्यक्ति ने चार सौ रुपये में बेचा है। इसी बीच एक ग्रामीण को जानी बस स्टैंड स्थित पीएनबी के बाहर की खिड़की टूटी दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों को शक हुआ और युवक की पिटाई की। इसके बाद उसने बताया कि उसने बैंक की खिड़की तोड़कर तीन कंप्यूटर और एक कूलर चोरी किया। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर जानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। उसने पूछताछ में बताया कि बैंक शाखा के पीछे खेत में कंप्यूटर छिपा रखा है। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर बरामद कर लिये। जानी थाना प्रभारी प्रेमचंद्र शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया चोर कांच का पुल मेरठ निवासी मुन्ना है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।