किठौर। पुलिस ने रविवार सुबह कायस्थ बड्ढा-खंद्रावली मार्ग से बाइक पर सवार होकर बेचने के लिए गोमांस ले जाते दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक बाइक, नशीली 600 गोली तथा बीस किलो गोमांस बरामद किया है।
थाना प्रभारी प्रमोद गौतम ने बताया कि रविवार सुबह लगभग छह बजे सूचना मिली की कायस्थ बड्ढा-खंद्रावली संपर्क पर दो लोग बाइक पर सवार होकर गोमांस लेकर बेचने जा रहे थे। इस पर एसआई हरिश्चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस पर आरोपी पुलिस को देख बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक डिस्कवर बाइक, 600 नशे की प्रतिबंधित गोलियां, आधा किलो आटा, बाट-तराजू तथा बीस किलो गोमांस बरामद किया। आरोपियों ने बताया कि वे गोवंश को नशीली गोली खिलाते हैं। बेहोश हो जाने पर कटान करके बेच देते हैं। पुलिस ने कायस्थ बड्ढा निवासी मुरर्सलीन पुत्र इंसाद तथा साबिर पुत्र शाकिर के खिलाफ गोकशी का मुकदमा कायम किया है।
.....आखिर कहां गया तीसरा आरोपी
ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया था। कुछ घंटों बाद साठगांठ कर तीसरे आरोपी को छोड़ दिया। यह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
वर्जन
मीट जांच में प्रथमदृष्टया गाय का है। इसका नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। डॉ. सुबोध गोयल, पशु चिकित्साधिकारी किठौर