खरखौदा/मेरठ। खरखौदा कस्बे में रविवार तड़के मौसेरे दो भाइयों की उधमपुरम एक्सप्रेस से कटकर मौत हो गई। दोनों भाई शनिवार दोपहर से लापता थे। पहले परिजनों ने किसी कार्रवाई से इंकार कर दिया। लेकिन बाद में कस्बे ही पिता-पुत्र पर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार कस्बा स्थित वाल्मीकि बस्ती निवासी मुकेश पुत्र जसवंता मजदूरी करता है। उसका 20 वर्षीय बेटा अंकित ड्राइवर था। करीब दस वर्ष पहले अंकित का मौसा नेपाल भी परिवार के साथ कस्बे में बस गया था। नेपाल की मौत के बाद उसका बेटा विकास (17) अंकित के साथ ही रहता था। परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर अंकित पड़ोसी राजेंद्र की मारुति कार लेकर विकास के साथ अपने दोस्त के यहां चला गया। ये दोनों रात्रि में करीब 11 बजे घर पहुंचे।
आरोप है कि कार में नुकसान हो जाने पर राजेंद्र ने उनके साथ मारपीट कर दी। राजेंद्र अपने बेटे के साथ रात्रि में ही उनके घर आया तथा अंकित एवं विकास को अपने साथ ले गया था। इसके बाद से दोनों युवक घर नहीं लौटे। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि हापुड़-मेरठ रेलवे ट्रैक पर खरखौदा रेलवे स्टेशन के समीप दो युवक इलाहाबाद से उधमपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद सुबह करीब सात बजे अंकित एवं विकास के परिजन गुमशुदगी लिखाने के लिए थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रेलवेे ट्रैक पर मिले दोनों शवों की पहचान बताई। जिसके बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शवों की शिनाख्त की गई। यहां परिजनों ने कार्रवाई सेे इनकार कर शव दिलाने की मांग की। लेकिन पुलिस ने इनकार दिया।
दोपहर में दे दी तहरीर
अंकित एवं विकास के परिजन रविवार दोपहर थाने पहुुंचे तथा कार मालिक राजेंद्र एवं उसके बेटे पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। वहीं, पुलिस ने राजेंद्र को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। परिजनों ने दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
100 मीटर तक फैले चिथडे़
पुलिस के मुताबिक एक युवक का शव नि:वस्त्र अवस्था में था। घटनास्थल से करीब सौ मीटर तक शवों के चिथड़े फैले हुए थे।
हादसा हो गया
दो युवक रेलवे ट्रैक पर बैठे थे। मैंने हॉर्न दिया। लेकिन वे नहीं उठे जिसके चलते पोल संख्या 43 पर हादसा हो गया। इसके बाद खरखौदा रेलवे स्टेशन को सूचना दी। -गिरीश कुमार, ट्रेन चालक
सूचना पुलिस को दी
उधमपुर एक्सप्रेस इलाहाबाद से उधमपुर जा रही थी। इस दौरान खरखौदा स्टेशन के समीप स्थित पोल 43 पर हादसा हो गया। इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। -आरके मीणा, स्टेशन मास्टर खरखौदा
पहले इंकार, फिर तहरीर
युवकों के परिजनों ने पहले कार्रवाई करने से इंकार कर दिया था। अब हत्या कर शव रेलवेे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। राजेंद्र को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-राजेंद्र त्यागी, इंस्पेक्टर खरखौदा