परीक्षितगढ़। बली गांव के समीप ढिकौली माइनर में शनिवार को एक युवक का गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे मृतक के बहनोई ने शव की शिनाख्त की रानी नंगला निवासी के रूप में की। मृतक के छोटे भाई ने एक रिश्तेदार को नामजद करते हुए तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या के पीछे लेन-देन का विवाद बताया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रानी नगला निवासी श्रीराम (28) पुत्र रामकरण दिल्ली तिलक नगर में सिक्योरिटी एजेंसी संचालन करता था। उसका शव शनिवार को ग्राम बली के समीप ढिकौली माइनर में पड़ा मिला। इसकी जानकारी पाकर गांव बली एवं रामनगर के दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को माइनर से बाहर निकलवाया। युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। इसी बीच गांव रामनगर निवासी मृतक के बहनोई संदीप ने शव की शिनाख्त की और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। श्रीराम की हत्या की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई कुलदीप ने ग्राम गांवड़ी निवासी रिश्तेदार मनोज पुत्र पप्पू पर लेन-देन के विवाद में गोली मारकर भाई की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तीन अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवक को मारी चार गोली
इंस्पेक्टर योगेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि श्रीराम के तीन गोली सीने व एक कनपटी में मारी गई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि श्रीराम की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और शव को माइनर में फेंका गया है। वहीं, अंदाजा लगाया जा रहा है कि रंजिशन गोली मारकर हत्या की गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक श्रीराम चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां प्रेमवती एवं भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। ग्रामीणों ने थाने में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पत्नी से अलग रह रहा था श्रीराम
पांच साल पूर्व मृतक श्रीराम का दिल्ली से शादी हुई थी। उसके एक छोटी पुत्री है। तीन साल पूर्व श्रीराम का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। वहीं दोनों परिवार की सहमति के बाद श्रीराम का अपनी पत्नी से तलाक हो गया था। जिसके चलते पत्नी अपनी बच्ची के साथ बाहर रह रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि श्रीराम की हत्या गोली मारकर की गई है। मृतक श्रीराम का एक रिश्तेदार ग्राम गांवडी निवासी मनेाज से लेनदेन का विवाद चल रहा था। मृतक के भाई ने रिश्तेदार मनोज को हत्या में नामजद किया है। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।