प्रेमी से निकाह की जिद पर अड़ी युवती
मवाना। प्रेमी के साथ थाने में पहुंची युवती निकाह की जिद पर अड़ गई। नगर निवासी युवती का अपने पड़ोस के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामला परिजनों को पता लगा तो उन्होंने उसका घर से निकलना बंद कर दिया। वहीं, युवक से बात करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। युवती ने मंगलवार को पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युगल को थाने में ले आई। वहीं, बुधवार को पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने में बुलाया। युवक के परिजन थाने में पहुंचे गये लेकिन युवती के परिजनों ने आने से इंकार कर दिया। युवक के परिजनों ने कहा कि दोनों का निकाह कराने के लिए वे तैयार हैं। इंस्पेक्टर देवेश शर्मा ने कहा कि युवती के परिजन शादी को तैयार नहीं है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।