पांच दिन पहले कस्बे से एक युवती लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवक पर आरोप लगाते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती की बरामदगी को लेकर शनिवार को परिजनों ने चौकी पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान परिजनों व चेयरपर्सन पति की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस ने परिजनों को दो दिन का आश्वासन दिया है।
बताते चलें कि लगभग पांच दिन पहले कस्बे के एक मोहल्ला निवासी एक युवती लापता हो गई थी। परिवार के लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने युवती की तलाश की मगर सुराग नहीं लग सका। इस पर युवती के परिजनों ने लावड़ चौकी पर उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार के लोगों ने कस्बे के ही दूसरे समुदाय के युवक पर आरोप लगाया था। पुलिस तभी से इस मामले की जांच में जुटी हुई थी। शनिवार सुबह युवती के परिजन आरोपी युवक के एक रिश्तेदार को पकड़कर स्वयं ही चौकी पर ले गए और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने युवती की बरामदगी को लेकर चौकी पर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन पुलिस पर धीमी गति से कार्य करने का आरोप लगाया। इस दौरान परिजनों और लावड़ नगर पंचायत की चेयरपर्सन पति मोहम्मद हारून की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में युवती की बरामदगी नहीं हुई तो वे सड़क पर जाम लगाने को विवश होंगे। पुलिस ने परिजनों को दो दिन का आश्वासन देकर शांत कराया। पकड़े गए युवक व एक अन्य को पुलिस ने थाना इंचौली भेज दिया है। थाना पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
मुख्य बातें
पुलिस के साथ परिजनों व चेयरपर्सनपति की तीखी नोकझोंक