लावड़। कस्बा निवासी एक ट्रांसपोर्टर की गाड़ी से शनिवार देर रात 80 हजार की नगदी चोरी हो गई। जिस पर ट्रांसपोर्टर ने परिचालक पर रुपए चोरी करने का शक जाहिर करते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मुन्ना ट्रांसपोर्टर है। शनिवार देर रात पानीपत जाने के लिए उनकी गाड़ी में सामान लोड़ किया जा रहा था। पीड़ित ने बताया कि गाड़ी को चालक मोबीन और परिचालक वसीम लेकर जा रहे थे। मुन्ना ने बताया कि उन्होंने चालक मोबीन को 80 हजार रुपए दिये थे और पानीपत में एक दुकानदार को रुपए देने के लिए कहा था। इस पर मोबीन ने रुपए गाड़ी में रख दिए। थोड़ी देर बाद जब मोबीन ने रुपए देखे तो गाड़ी में रुपए नहीं थे। जिस पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने मामले की जानकारी मुन्ना को दी। मुन्ना ने बताया रुपए चोरी होने के बाद उन्होंने सभी से पूछताछ की, लेकिन सुराग नहीं लगा। उन्होंने परिचालक वसीम पर शक जाहिर करते हुए लावड़ चौकी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जानकारी करने में जुट गई है।