मेरठ। मुंडाली थाना के गांव सिसौली निवासी ओमकार पुत्र नंदकिशोर गांधी आश्रम स्थित एक बैट्री डिस्ट्रीब्यूटर के पास सेल्समैन है। बृहस्पतिवार को वह किठौर और किला परीक्षितगढ़ के व्यापारियों से पैसे लेकर मेरठ आ रहा था। भावनपुर थाना के गांव जई के पास दो बाइकों पर आए चार युवकों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उन्होंने उस पर तमंचा तान दिया और बैग छीनकर फरार हो गए। इसके अलावा बदमाश उसकी बाइक की चाबी भी ले गए। सेल्समैन के अनुसार बैग में एक लाख के चैक और 60 हजार की नगदी थी। जबकि उसकी जेब में एक लाख नकद भी थे। गनीमत रही कि बदमाशों ने उसकी तलाशी नहीं ली। पीड़ित ने तहरीर दी है। एसओ भावनपुर आशुतोष कुमार का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।