व्यापारी को शहर छोड़ने की धमकी
मुरादनगर। बिल्डिंग मैटेरियल के व्यापारी को अमित भूरा गैंग के नाम से धमकी भरे पत्र मिले हैं, जिनमें उसे शहर छोड़ने को कहा गया है। मकान और दुकान न छोड़ने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। व्यापारी परिवार सहित घर में कैद सा हो गया है। बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। थाना पुलिस पीड़ित से एसएसपी के पास जाकर सुरक्षा की गुहार लगाने की बात कह रही है।
जलालपुर रोड स्थित वंदना एंकलेव कॉलोनी में राजकुमार कोली परिवार सहित रहते है। परिवार में पत्नी सुनीता, बेटा कृष (13), मोहित (11), राज सिंह (8) हैं। राजकुमार की जलालपुर रोड पर शनि व बालाजी बिल्डर्स मैटेरियल की दुकान है। राजकुमार ने बताया कि सबसे पहला धमकी भरा पत्र 29 अक्टूबर को आंगन में पड़ा मिला था। पत्र में लिखा था कि यदि परिवार की जिंदगी चाहता है तो शहर छोड़ कर चला जा। राजकुमार ने किसी का मजाक समझकर उसे अनदेखा कर फाड़ दिया। एक सप्ताह बाद दुकान पर दूसरा पत्र मिला। तीसरा पत्र 22 नवंबर को मकान व दुकान के अंदर मिला। पत्र लिखने वाले ने धमकी दी कि यदि 10 दिन के अंदर मुरादनगर शहर नहीं छोड़ा तो अमित भूरा गैंग के बदमाश तेरे पूरे परिवार को जान से मार देेंगे। धमकी भरे पत्र से पूरा परिवार दहशत में है। डर के मारे परिवार घर में कैद होकर रह गया है। एक सप्ताह से बच्चे भी स्कूल नहीं जा रहे हैं। पुलिस में शिकायत न करने की हिदायत भी दी गई है। राजकुमार का आरोप है कि थाना पुलिस से इसकी शिकायत की तो वह कभी चौकी और कभी थाने के चक्कर काट रहा है। मामले में थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप है। थाना पुलिस ने पीड़ित को एसएसपी के पास जाकर सुरक्षा गार्ड मांगने की बात कहकर टरका दिया। एसओ लक्षेंद्र कुमार का कहना है कि व्यापारी को मिले धमकी भरे पत्र की जांच की जा रही है।