मेरठ। बेकसूर अजय उर्फ रिंकू की हत्या के बाद हंगामा करने पहुंचे भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा की एक भड़काऊ वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें वह एक समुदाय के लोगों पर टिप्पणी कर रहे हैं। इसे लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश है।
युवा सेवा समिति अध्यक्ष बदर अली ने कमल दत्त शर्मा के खिलाफ देहली गेट थाने मेें तहरीर दी है। आरोप लगाया कि भाजपा नेता जानबूझकर सांप्रदायिक उन्माद फैलाना चाहते हैं। देर रात एसएसपी ने बदर अली और उनके कार्यकर्ताओं को थाने में बुलाकर मीटिंग की। बताया जा रहा कि एसएसपी से भड़काऊ वीडियो पर लोगों ने मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। एसएसपी ने इस मामले की जांच एसपी सिटी से कराने का आश्वासन दिया है। मैंने तो लोगों को समझाया
भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने बताया कि अजय की हत्या के बाद उसके परिजन हंगामा कर रहे थे। लोग पुलिस पर ही गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। दूसरे समुदाय के लोगों ने अजय को गोली मार दी और किसी को कोई खरोंच नहीं आई। अजय के परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए वह पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान समेत कई अधिकारियों से भी बात की। मैंने तो लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पीड़ित लोगों की मदद के लिए वह मौके पर जरूर जाएंगे। पुलिस केस करेगी तो भी वह नहीं रुकेंगे। उन्होंने कोई भड़काऊ बातें नहीं कही हैं।
खास बातें:
- वीडियो में एक समुदाय के लोगों को दी भाजपा नेता ने धमकी
- एसपी सिटी ऑफिस पर हंगामा, भाजपा नेता पर जांच बैठी
- एसएसपी ने युवा सेवा समिति के सदस्यों के साथ की मीटिंग