पुलिस ने ग्राम कपसाड़ में दहेज की खातिर महिला की फांसी लगाकर हत्या करने के मामले में बुधवार को हत्यारोपी सास को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मृतका के मुंडाली निवासी मायके वालों ने कोतवाली और सीओ कार्यालय पहुंचकर फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों को जेल भेजे जाने की मांग की।
ग्राम मुंडाली निवासी प्रीति पुत्री सुभाष सिंह की शादी चार वर्ष पूर्व कपसाड़ निवासी विनोद पुत्र वीरपाल से हुई थी। आर्मी में तैनात विनोद और उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर प्रीति का उत्पीड़न करते थे। बीती सोमवार देर शाम प्रीति की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी पाकर मायके वाले कपसाड़ पहुंचे और दहेज के रूप में दो लाख रुपये एवं कार की मांग पूरी नहीं होने पर प्रीति की हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया था। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतका प्रीति के भाई मिंटू ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें ससुर वीरपाल, सास श्यामलेश, जेठ विक्रम व मनोज, जेठानी पूजा एवं रूबी और ननद रीता को नामजद किया। पुलिस ने बुधवार को दहेज हत्या की आरोपी सास श्यामलेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, मृतका प्रीति के परिजन कोतवाली एवं सीओ कार्यालय पहुंचे और अन्य आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। इस पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर और सीओ संतोष कुमार ने हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। यहां लोकश तोमर, मुन्ना, कुंवरपाल, मिंटू, सुखपाल, यशपाल ठेकेदार, श्रीपाल आदि मौजूद रहे।
मुख्य बातें
दहेज हत्यारोपी सास को गिरफ्तार कर जेल भेजा
फरार हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ़्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुुंचे मुंडाली के ग्रामीण