निकाय चुनाव के मतदान से 48 घंटे पहले पुलिस ने तमंचे बनाने वाली दो फैक्ट्रियां पकड़ी हैं। जहां पर 100 से अधिक बने व अधबने तमंचे बरामद हुए हैं।
एएसपी कैंट अंकित मित्तल ने सोमवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर बताया कि सदर थाना पुलिस ने रविवार देर रात कैंट स्थित डी बाबा तिराहे पर आरोपी नूर हसन पुत्र फकरुद्दीन निवासी हमायूंनगर लिसाड़ीगेट व हारून उर्फ ताहिर पुत्र मुंशी निवासी बढ़ला परीक्षितगढ़ को गिरफ्तार किया है। उनके पास से आठ तमंचे मिले थे। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपियों की निशानदेही पर हारून के घर पर छापा मारा।
जहां से 18 अधबने, 51 बड़ी तमंचे की बैरल, 11 तमंचे के बॉडी, 29 ट्रिगर, 22 हेमर, छह खोखे सहित अन्य तमंचों का सामान मिला। पुलिस की दबिश के दौरान फैक्ट्री में काम चल रहा था। पुलिस को देखकर वहां से लोग फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक निकाय चुनाव से पूर्व भारी मात्रा में तमंचे बनाने के पीछे आरोपियों का बड़ा मकसद हो सकता है। चुनाव में अशांति फैलाई जाने की भी आशंका है।
खरखौदा पुलिस ने भी पकड़ी फैक्ट्री
खरखौदा पुलिस ने भी रविवार शाम सात बजे कांशीराम कॉलोनी में छापा मारकर राकेश उर्फ गैंडा पुत्र जगदीश निवासी मोहिउद्दीनपुर रोड कस्बा खरखौदा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 17 बने और अधबने तमंचों के साथ औजार बरामद किए हैं। आरोपी राकेश शराब बेचने के मामले में जेल जा चुका है।
घर के अंदर ही तहखाना बनाया था
पुलिस का दावा कि दोनों ही जगहों पर आरोपियों ने घर में तमंचे बनाने के लिए तहखाना बनाया हुआ था। जहां पर पुलिस का पहुंचना आसान नहीं था। पुलिस ने पहले आरोपी पकड़े और फिर उनकी निशानदेही पर छापा मारा। सदर बाजार पुलिस का दावा है कि आरोपी नूर हसन के पिता फकरूद्दीन मवाना में तमंचे बनाते पकड़ा गया था। इसके अलावा भी पकड़े गए आरोपियों के साथी तमंचे बनाने में जेल जा चुके हैं।
चुनाव से पहले तमंचे की दो फैक्ट्री पकड़ी गई है। आरोपी कहां और किस उद्देश्य से तमंचों की सप्लाई कर रहे थे, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड भी खंगालने में जुटी है। मंजिल सैनी दहल, एसएसपी
खास बात
सदर बाजार और खरखौदा पुलिस ने की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार