चुनाव के लिए लाई जा रही शराब पकड़ी
कार पर लगा था निकाय चुनाव प्रत्याशी का पोस्टर
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना।
कोतवाली क्षेत्र में खिर्वा जलालपुर के पास शनिवार सुबह आबकारी टीम ने कार में लदी हरियाणा मार्का की शराब पकड़ी। पुलिस ने 960 पव्वे बरामद करने का दावा किया। आबकारी विभाग की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शराब तस्कर को जेल भेजा है। पकड़ी गई कार पर कंकरखेड़ा क्षेत्र के एक वार्ड से प्रत्याशी का पोस्टर भी लगा हुआ था।
आबकारी निरीक्षक प्रफुल्ल कुमार के अनुसार हरियाणा-शामली मार्ग पर कार में शराब तस्करी के लिए लाई जा रही है। इस बीच आबकारी निरीक्षक ने टीम गठित की। खिर्वा-कंकरखेड़ा मार्ग पर आबकारी टीम ने कार को रोक लिया। इस बीच शराब तस्करों ने भागने का प्रयास किया। लेकिन आबकारी टीम ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस के अनुसार कार में शराब के 960 पव्वे बरामद किये गये। पुलिस ने शिवलोकपुरी निवासी सोनू पुत्र सुरेंद्र को दबोच लिया। वहीं, टीम आरोपी और शराब को थाने में ले आई। पुलिस ने आबकारी टीम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सोनू का चालान कर उसे जेल भेजा। वहीं, पकड़ी गई कार पर एक प्रत्याशी का स्टीकर लगा हुआ था। सूत्रों के अनुसार शराब चुनाव के मद्देनजर लाई गई थी।