रोहटा। थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात खेत में शौच करने गई एक युवती से दो युवकों ने तमंचे के बल पर दुराचार किया। पीड़िता के पिता ने रोहटा थाने में तहरीर देकर के एक अज्ञात व एक नामजद युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है। गांव निवासी युवक ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी 17 वर्षीय युवती बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे खेत में शौच के लिए गई थी। जब वह गांव में ओमपाल के मकान के पास पहुंची तो वहां पर घात लगाए खड़े दो युवकों ने तमंचे के बल पर युवती को अगवा कर लिया। वह युवती को गांव के खाली पड़े मकान में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता ने तहरीर में गांव निवासी नरेन्द्र पुत्र फितेराम व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कराया है। एसओ रोहटा रविन्द्रचंद पंत का कहना है कि पिता की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।