मेरठ/जानी। मामूली विवाद पर हुई कहासुनी के बाद एक वृद्ध की रविवार देर रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्यारोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात जानी थाना क्षेत्र के जौहरा गांव में हुई। पुलिस के अनुसार गांव निवासी सोहन पाल (60) पुत्र तुलसी राम की पड़ोसी वीरपाल से कुछ दिन पूर्व मामूली बात पर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि रविवार रात करीब 11:30 बजे वीरपाल और उसका बेटा अरुण सोहन पाल को बातचीत करने के बहाने घर से बुलाकर ले गए। कुछ देर बाद घर के पास ही फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई तो सोहनपाल पर पिता-पुत्र ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर सोहन पाल के परिजन दौड़े तो आरोपी मौके से भाग गए। सोहन पाल को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कारण पूछा तो चुप्पी साध ली
एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष मजदूरी करते हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी वीरपाल और अरुण के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोहन पाल के परिजन विवाद का सही कारण नहीं बता रहे हैं। काफी पूछने के बावजूद परिजनों ने चुप्पी साध ली। जबकि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मामला बहुत छोटा था। लेकिन फिर दोबारा हुई मारपीट में वृद्ध की हत्या कर दी गई। आरोपियों से विवाद का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है।
- जानी के जौहरा गांव में वारदात, हत्यारोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार