अमर उजाला ब्यूरो
रोहटा(मेरठ)।
पुलिस ने मंगलवार देर रात गश्त के दौरान पशु चोर गैंग के तीन सदस्यों को हथियार एवं गाड़ी समेत धर दबोचा। पकडे़ गए तीनों शातिर पशु चोर निकले। इन्होंने आसपास के जिलों में पशु चोरी की कई वारदातें कबूल की हैं। बताया कि वे सरूरपुर थाना क्षेत्र में पशु चोरी की घटना को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।
रोहटा थानाध्यक्ष रविन्द्र चंद पंत ने बताया कि थाने में तैनात दरोगा आनंदपाल सिंह राघव पुलिस टीम के साथ बाड़म गांव की ओर गश्त पर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सामने पिकअप गाड़ी दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने कार का पीछा कर बाड़म रजवाहे की पटरी पर तीन चोरों को धर दबोचा। पुलिस को गाड़ी की तलाशी के दौरान हथियार भी मिले। पुलिस बदमाशों को थाने ले आई। बदमाशों ने अपने नाम यूसुफ पुत्र कमरूद्दीन निवासी आर्यनगर, कैराना जिला शामली, अजय पुत्र नारायण निवासी हरनवा जिला गाजीपुर दिल्ली तथा सुएब पुत्र सलीम निवासी रामपुर रोड हापुड़ बताया। बदमाशों ने जानकारी दी कि वे मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, बागपत समेत आसपास के लगभग जिलों में पचास से ज्यादा पशु चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुुके हैं। वे सरूरपुर थाने के रासना गांव में पशु चोरी करने जा रहे थे। जिस गांव में पशु चोरी करने जाते थे उस गांव का एक ग्रामीण उनकी मदद करता था। ये बदमाश सहारनपुर जिले के हाफिजपुर एवं मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाने से पशु चोरी के आरोप में जेल जा चुके हैं।
मुख्य बातें
रासना गांव में वारदात को अंजाम देने जा रहे थे