सरधना में जुल्हैड़ा रोड पीर वाली बस्ती में रविवार सुबह एक परिवार में बीमारी के चलते रिश्तेदारी में आई तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने उसे सुपुर्दे खाक कर दिया। इसके कुछ देर बाद बुढ़ाना के भसाना गांव से आए रिश्तेदार की असम निवासी 15 वर्षीय किशोरी संग निकाह की तैयारी शुरू कर दी। किसी ने इसकी जानकारी यूपी 100 को दे दी। इस पर पुलिस को देख दूल्हा दीवार कूदकर फरार हो गया।
नगर के जुल्हैड़ा रोड नई बस्ती में बाबू का परिवार रहता है। उसके यहां बुढ़ाना निवासी रिश्तेदार की पुत्री आई हुई थी। उसकी तीन वर्षीय बेटी गुलिस्ता कई दिन से बीमार थी। उसकी शनिवार देर रात मौत हो गई। इसकी खबर सुनकर रिश्तेदार पहुंच गए। यहां बाबू का सत्तर वर्षीय साला भी आया हुआ था। यहां असम निवासी तीन-चार व्यक्ति और उनके साथ 15 वर्षीय किशोरी भी आई थी। रविवार सुबह मासूम के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही घर में निकाह की तैयारी शुरू हो गई। बाबू के साले के पांच बच्चे हैं। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसकी दो पुत्रियों का निकाह हो चुका है। बेटे भी निकाह योग्य हैं। बाबू का निकाह पढ़ाने के लिए नगर से दो मौलवी भी उसके घर जा पहुंचे। इस पर मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को निकाह की जानकारी दे दी। इस पर पुलिस की गाड़ी देख दूल्हा दीवार फांदकर फरार हो गया। परिजनों ने मासूम की मौत हो जाने पर रिश्तेदारों के पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले के लोग भी एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस को वास्तविकता बताई। इसके बाद पुलिस ने दुल्हन को बुलवाया। वह नाबालिग दिख रही थी। हालांकि परिजन बालिग बता रहे थे। इसके बाद परिजन दुल्हन बनी किशोरी को बिना निकाह कराए साथ ले गए।
थानाध्यक्ष सरधना भरतलाल शाह ने बताया कि पीर वाली बस्ती में बाबू के घर में नाबालिग का निकाह कराने का मामला संज्ञान में आया था। जांच के लिए पुलिस भेजी थी। दोनों पक्ष बिना निकाह किए चले गए। यदि किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर मिली तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।