जानीखुर्द (मेरठ)। मेरठ-बागपत मार्ग पर जानी ब्लॉक के नजदीक रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से कार एवं मोबाइल लूट लिया।
दिल्ली के दिलशाद गाडर्न निवासी पुनीत बृहस्पतिवार को स्विफ्ट कार से मेरठ में यूपी पुलिस की एसआई की परीक्षा देने आया था। वह परीक्षा देने के बाद मेरठ-बागपत मार्ग से होते हुए दिलशाद गार्डन के लिए चला था। इस दौरान जानी ब्लॉक के निकट पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके बराबर में आकर शामली जाने का रास्ता पूछा। पुनीत ने जैसे ही कार धीमी की तो बदमाशों ने तमंचे के बल पर पुनीत को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने पुनीत से कार और मोबाइल लूट लिया। एक बदमाश बाइक और दूसरा कार लेकर फरार हो गया। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित किसी तरह राहगीर से बाइक पर लिफ्ट लेकर थाने पहुंचा। इस पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।