हस्तिनापुर। ग्राम अलीपुर मोरना के जंगल में पांच दिन पूर्व हुई किसान दंपति की हत्या में पुलिस ने पकड़े गए एक आरोपी को शुक्रवार को जेल भेज दिया है। हालांकि मुख्य हत्यारोपी अभी हत्थे नहीं चढे़ हैं।
थाना प्रभारी ओमवीर सिंह ने बताया कि अलीपुर मोरना के जंगल में बीती दस जुलाई को किसान प्रेम सिंह और उसकी पत्नी मुनेश की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह रंजिश बताई जा रही है। इस मामले में अलीपुर मोरना के सात एवं निडावली के एक व्यक्ति समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को ग्राम रानी नंगला मोड़ तिराहे से गिरफ्तार गुड्डू उर्फ अमृत पुत्र रणवीर लीले निवासी अलीपुर मोरना को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है। उसने बताया कि उन्होंने जंगल में शराब पी। इसके बाद बुग्गी सवार किसान प्रेम सिंह और उसकी पत्नी मुनेश की हत्या कर दी थी। उसने बताया कि आरोपी सोनू नागर के पिता धर्म सिंह की मृतक प्रेम सिंह के पुत्र ने सात वर्ष पहले हत्या कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए सोनू ने वारदात को अंजाम दिया है।
कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार के लिए रवाना
हस्तिनापुर। महाभारतकालीन ऐतिहासिक नगरी एवं आसपास के क्षेत्र के शिवभक्त शुक्रवार को कांवड़ लेने हरिद्वार के लिए रवाना हुए। बिजेंद्र कश्यप के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालु तिरंगे के साथ निकले। जिसमें भक्तों ने विशेष पोशाक पहन रखी थी। यहां से 51 भक्तों की टोली हरिद्वार के लिए गई। इस अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अरुण कुमार, बंटी कर्णवाल, सतेंद्र कुमार, रजनीश, सोनू कश्यप, प्रदीप समेत सैकड़ों लोग रहे।