याकूब की मीट फैक्ट्री पर सील लगाने को मांगी फोर्स
एमडीए ने जिलाधिकारी को पक्ष लिख मजिस्ट्रेट और फोर्स की मांग की
मेरठ।
बसपा नेता पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की मीट फैक्ट्री मै. अलफहीम मीटेक्स प्रालि हापुड़ रोड का मानचित्र स्वीकृत नहीं है। जिस कारण एमडीए इस मीट प्लांट पर सील लगाने की तैयारी में जुट गया है। एमडीए उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है, जिसमें मजिस्ट्रेट और फोर्स उपलब्ध कराते हुए सील लगाने की प्रक्रिया के लिए तिथि तय करने की मांग की है।
याकूब कुरैशी की मीट फैक्ट्री का निर्माण बिना मानचित्र हुआ है। पिछले दिनों हुई जांच में इसका खुलासा होने पर एमडीए ने नोटिस जारी किया था। इस पर याकूब कुरैशी की तरफ से कंपाउंडिंग के साथ नक्शा स्वीकृत कराने की कोशिश की गई। लेकिन जिस जगह मीट प्लांट स्थित है, वहां पर नियमानुसार मानचित्र स्वीकृत नहीं हो सकता है। ऐसे में एमडीए ने मीट प्लांट पर सील लगाने का निर्णय लिया है।
एमडीए पहले भी एक बार प्रशासन के साथ मीट प्लांट पर सील लगाने का प्रयास कर चुका है। लेकिन विरोध के चलते लौटना पड़ा था। इस बार एमडीए उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से सील लगाने के लिए फिर से मजिस्ट्रेट नियुक्ति के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स की मांग की है। नियमानुसार सील लगाने से पहले मीट प्लांट परिसर की तलाशी लेकर उसे पूरी तरह खाली कराना होगा। जिसके लिए एमडीए बड़ी संख्या में फोर्स की मांग कर रहा है।