महिला थाना सस्पेंड करने की मांग
मेरठ। महिलाओं के साथ मारपीट के मामले में वाल्मीकि समाज ने महिला थाने को सस्पेंड करने की मांग की है। सपा नेता विपिन मनोठिया ने बताया कि कुछ दिन पूर्व सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ एक युवती चली गई थी। आरोप है युवती पक्ष द्वारा थाने में तहरीर दिए बगैर ही महिला थाना पुलिस युवक की मां व बहनों को थाने ले गई और वहां उन्हें बुरी तरह पीटा गया। दावा किया है मारपीट की वीडियो भी वायरल हो गई है। जिसको लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों ने डीएम से पत्र लिखकर शिकायत की है। कहा कि लड़की बालिग है। युवक- युवती को बरामद किया जाए। वहीं युवक के परिजनों के साथ थाने में की गई मारपीट के मामले में पूरे महिला थाने को सस्पेंड किया जाए। विपिन मनोठिया के मुताबिक पुलिस पर बसपा नेता द्वारा दबाव बनाया जा रहा है।