50 हजारी हत्यारोपी के घर की कुर्की, तोड़फोड़
मेरठ। परतापुर के सोहरका गांव में दोहरे हत्याकांड के आरोपी 50 हजारी मांगे उर्फ विनय के घर की पुलिस ने बृहस्पतिवार को कुर्की की। घर में तोड़फोड़ करते पुलिस सारा सामान थाने ले आई। वहीं, हत्यारोपियों की तलाश में हांफ चुकी पुलिस ने दबिश देनी बंद कर दी है। दावा है कि सर्विलांस की मदद से आरोपी गिरफ्तार होंगे।
सोहरका गांव में 24 जनवरी को हत्या के चश्मदीद गवाह भोलू व उसकी मां निछत्तर कौर की हत्या हुई थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर गांव का मांगे उर्फ विनय व विकास निवासी खंजापुर मुजफ्फरनगर नामजद हुआ था। तीसरे आरोपी का अभी सुराग नहीं लगा। पुलिस का दावा कि हत्यारोपियों पर 50-50 का इनाम आईजी रेंज की तरफ से किया गया है। बृहस्पतिवार को कोर्ट के आदेश पर परतापुर पुलिस ने हत्यारोपी मांगे के घर की कुर्की की।
नौ दिनों में नतीजा शून्य
दोहरे हत्याकांड को नौ दिन बीत गए हैं। लेकिन नतीजा शून्य है। पुलिस का कहना है कि चौतरफा दबाव के बावजूद हत्यारोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। हत्यारोपी सरेंडर करने की फिराक में हैं। इंस्पेक्टर परतापुर राशिद अली का कहना है कि 50 हजार के इनामी हत्यारोपी विकास के घर की कुर्की के लिए भी वारंट लिए जा रहे हैं।
कोर्ट मोहर्रिर हुआ तलब
एसएसपी मंजिल सैनी ने दोहरे हत्याकांड में कोर्ट मोहर्रिर को तलब कर जवाब मांग लिया कि चश्मदीद गवाह रहे भोलू और निछत्तर कौर के बयान क्यों दर्ज नहीं हुए। जिस पर कोर्ट मोहर्रिर ने जवाब दिया कि इस मामले में उसकी कोई गलती नहीं है। जांच करा लीजिए।