मेरठ। ढबाई नगर के दोहरे हत्याकांड को आठ दिन बीत चुके है। लेकिन नतीजा जीरो है। पुलिस की जांच में रोजाना दावे तो हो रहे हैं। लेकिन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और शूटरों के नाम तक पुलिस को पता नहीं है। पुलिस अधिकारी सारिक गैंग द्वारा वारदात करना बताते हैं तो पुलिस टीमें सलमान गैंग का हाथ होना बता रही हैं। गैंगवार के मामले में पुलिस की हर जांच फेल साबित हो रही है।
सवाल है कि पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी को क्यों नहीं सुलझा पा रही है। पुलिस ने सारिक के भाई वामिक व उनकी डेयरी चलाने वाले जाने आलम समेत कई लोगों से पूछताछ की है। लेकिन कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिली। मामले की जांच कर रहे एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि पुलिस के पास दोहरे हत्याकांड में अभी तक बताने को कुछ नहीं है। सब बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस की कई टीमें भी लगी हैं। गैंगवार से जुड़े लोगों और शूटरों की तलाश जारी है। नामजद आरोपी फरार हैं।