अमर उजाला ब्यूरो
कंकरखेड़ा (मेरठ)।
पांच दिन से ससुराल में धरने पर बैठी महिला के साथ उसके पति और ससुर ने मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार दिलाने के बाद उसे उसके मायके भिजवा दिया। साथ ही महिला की तहरीर पर पति व ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
जौनपुर निवासी मनीषा देवी पुत्री सदानंद की शादी एक वर्ष पूर्व श्रद्धापुरी स्थित बीएसएनएल कॉलोनी निवासी राकेश पुत्र राम कोमल से हुई थी। महिला का आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग को लेकर ससुराल वाले उसका उत्पीड़न कर रहे थे। कई माह पूर्व उसे घर से निकाल दिया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। अब महिला का कहना है कि वह केस नहीं लड़ना चाहती और पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन पति उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता। इसको लेकर पांच दिन से महिला पति के घर के सामने धरना दे रही थी। आरोप हा कि मंगलवार को उसके पति व ससुर ने उसके साथ मारपीट की और वहां से भगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले आई। एसएसआई महेश चंद्र का कहना है कि महिला की तहरीर पर उसके पति व ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं सारथी संस्था की अध्यक्ष कल्पना पांडे कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंची और महिला से जानकारी ली।
खास बात
पांच दिन से धरने पर बैठी थी, पति और ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज